आईएसडी नेटवर्क। ख्यात अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी के युवा नेता राघव चड्ढा रविवार की रात परिणय सूत्र में बंध गए। इस विवाह के सारे अनुष्ठान उदयपुर में संपन्न हुए। इस चर्चित विवाह में बहुत से राजनेताओं और फिल्म उद्योग के नामी सितारों ने भी अपनी उपस्थिति दिखाई। राघव और परिणीति बहुत सालों से प्रेम संबंध में थे। विवाह से कुछ माह पहले ही दोनों ने सार्वजनिक रुप से अपने प्रेम संबंध के बारे में बताया था।
राघव चढ्ढा अपनी पत्नी को लेने के लिए नाव द्वारा द लीला पैलेस पहुंचे थे। विवाह के सभी अनुष्ठान इसी पैलेस में पूरे हुए थे। इस हाई प्रोफाइल विवाह में गोपनीयता का बहुत ध्यान रखा गया था। सुरक्षा के प्रबंध चाक-चौबंद रखे गए थे। यहाँ मीडिया की मौजूदगी भी नहीं रही। राघव और परिणीति की हल्दी का कार्यक्रम शनिवार को सम्पन्न हुआ था। परिणीति और राघव की सगाई इसी वर्ष मई में दिल्ली में हुई थी। इस विवाह के फोटो और वीडियो बाहर न जा पाए, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थी।
जानकारी के अनुसार विवाह में आने वाले मेहमानों के मोबाइल पर नीले रंग के टेप चिपकाए गए ताकि कोई वीडियो या फोटो शूट न कर सके। होटल के स्टाफ को भी दो दिन तक बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई। स्पष्ट है कि राघव चढ्ढा और परिणीति चोपड़ा अपने विवाह की गोपनीयता को लेकर बहुत सजग रहे। मीडिया में इस बात को लेकर बड़ी चर्चा रही कि परिणीति की अभिनेत्री बहन प्रियंका चोपड़ा इस विवाह में सम्मिलित होंगी या नहीं। अब तक प्रियंका के इस विवाह में आने के कोई समाचार नहीं मिले हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार विवाह में 250 मेहमानों ने शिरकत की। इनमे पचास तो वीवीआईपी स्तर के मेहमान थे। विवाह में अक्षय कुमार, आयुष्मान खुराना, अर्जुन कपूर सहित कई चर्चित सितारों के आने की खबर है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी विवाह में आने वाले थे। क्रिकेटर हरभजन सिंह और आदित्य ठाकरे के भी उदयपुर पहुंचने के समाचार मिले थे। सानिया मिर्जा और ड्रेस डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी विवाह में भाग लेने पहुंचे थे।
शैलेश लोढ़ा और आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने भी विवाह में शिरकत की। विवाह में राजस्थानी और पंजाबी खाने के अलावा भारत के अलग-अलग राज्यों के प्रसिद्ध व्यंजनों को को मेन्यू में शामिल किया गया। साथ ही इटालियन और फ्रेंच डिशेज भी परोसी गईं।