आईएसडी नेटवर्क। सूरज बड़जात्या की महत्वाकांक्षी फिल्म ‘ऊंचाई’ रिलीज के छठवें दिन ढीली पड़ गई है। फिल्म को दर्शकों का रिस्पॉन्स न के बराबर मिल रहा है। समांथा की मुख्य भूमिका वाली ‘यशोदा’ का हाल तो ऊंचाई से भी बुरा दिखाई दे रहा है। ‘ब्लैक पैंथर : वाकांडा फॉरएवर’ के कलेक्शन अब भी बढ़ते जा रहे हैं। भारत में फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
राजश्री प्रोडक्शंस की ‘ऊंचाई’ को बहुत अच्छे रिव्यूज मिले थे लेकिन इसके बावजूद कलेक्शन में बढ़ोतरी नहीं देखी जा रही है। फिल्म को सबसे अच्छा कलेक्शन रविवार को मिला था। रविवार को फिल्म ने सबसे अधिक 4.71 करोड़ का कलेक्शन किया था। सोमवार के एसिड टेस्ट में भी ‘ऊंचाई’ फेल रही। कामकाजी दिन में कलेक्शन घटकर 1.88 करोड़ ही रह गए।
रिलीज के छठवें दिन तक आते-आते कलेक्शन प्रतिदिन दो करोड़ से भी कम रह गए। ‘ऊंचाई’ की स्थिति कुछ ऐसी है कि विदेश के कलेक्शन को मिलाकर अब तक लगभग 24 करोड़ का कलेक्शन हुआ है। यदि इसमें नेट कलेक्शन देखे तो हालात और बुरे दिखाई दे रहे हैं। फिल्म का नेट कलेक्शन भारत में लगभग 15.46 करोड़ बताया जा रहा है। फिल्म की लागत पचास करोड़ है।
एक सप्ताह पूरा होते-होते फिल्म की लागत वसूल नहीं हो सकी है, लाभ के बारे में तो सोचा भी नहीं जा सकता। अच्छे रिव्यूज और दर्शकों की अच्छी समीक्षाएं मिलने के बावजूद फिल्म को कलेक्शन न मिलने के पीछे ट्रेड पंडित यही कारण बता रहे हैं कि युवाओं को फिल्म आकर्षित नहीं कर सकी। उल्लेखनीय है कि भारत में थियेटर्स में सबसे अधिक फ़िल्में देखने वाले युवा दर्शक होते हैं।
जब ये दर्शक किसी फिल्म के साथ जुड़ जाते हैं तो कलेक्शन अच्छे मिलते हैं। ‘ऊंचाई’ के साथ प्रदर्शित हुई ‘यशोदा’ का भी बॉक्स ऑफिस हाल बुरा है। यशोदा के साथ भी ऊंचाई वाली कहानी दोहराई जा रही है। यशोदा को भी अच्छे रिव्यूज मिले थे लेकिन वे कलेक्शन बढ़ाने में सहायक नहीं हो सके। फिल्म पूरी तरह एक महिला पात्र पर आधारित थी। शुक्रवार को अजय देवगन की ‘दृश्यम :2’ प्रदर्शित होने जा रही है।
‘दृश्यम :2’ को बहुत अच्छी एडवांस बुकिंग मिल रही है। इसे पहले दिन के लिए तीन करोड़ की बुकिंग प्राप्त हुई है, जो कि बहुत अच्छी कही जाएगी। एडवांस बुकिंग को देखे तो अजय देवगन की फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी ओपनिंग लगने जा रही है।