इन्दौर, इंडिया स्पीक्स डेली। गुरुवार की सुबह कल्याण मिल मैदान में एक तीस वर्ष पुराना नीम का पेड़ साजिश के तहत गिरा दिया गया। अलसुबह पेड़ के तने में आग लगाई गई और सुबह लगभग 9 बजे ये पेड़ भरभराकर गिर गया। इस बीस फुट ऊँचे नीम को क्रूरतापूर्वक जलाकर मारा गया है। सूत्रों के मुताबिक कल्याण मिल की लावारिस पड़ी जमीन पर आसपास के आपराधिक तत्व जमीन को अपने इस्तेमाल के लिए साजिश रच रहे हैं।
सुबह 9 बजे कल्याण मिल के सामने वाले रोड के किनारे लगा ये हराभरा वृक्ष जैसे ही गिरा, उसकी चपेट में मैदान में घुस रहा नगर निगम का डम्पर आ गया। गनीमत रही कि समय रहते ड्राइवर ने डम्पर पीछे की ओर खींच लिया था।
जो शहर अपनी स्वच्छता और हरीतिमा के लिए भारत में प्रसिद्ध है, वहां ऐसी घटना होना दुर्भाग्यपूर्ण है। जिस समय घटना हुई, इंडिया स्पीक्स डेली के संवाददाता रोड से गुजर रहे थे। वृक्ष गिरते ही संवाददाता ने नगर निगम के उद्यान विभाग को सुचना दी। मालवा मिल थाने से दो पुलिसकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और तफ्तीश शुरू कर दी। नगर निगम ने भी वृक्ष गिरने की अपनी ओर से जाँच शुरू कर दी।
सूत्रों के मुताबिक इन्दौर में नीम के पेड़ को अलसुबह आग लगाई गई थी। गौरतलब है कि मिल बंद होने के बाद इसकी जमीन पर कई तरह की आपराधिक गतिविधियां चलती रहती हैं। वृक्षों से भरपूर ये ‘ग्रीन पॉकेट’ को निगम या प्रशासन से किसी तरह की सुरक्षा प्राप्त नहीं है और न ही यहाँ किसी तरह की फेंसिंग की गई है। एक तरफ इन्दौर आदर्श पर्यावरणीय स्थिति में पहुँचने के लिए प्रयासरत है और दूसरी ओर एक ऊँचे पुरे तीस फ़ीट के वयस्क नीम को खोने की हानि भी सह रहे हैं।
विपुल जी समाचार इंदौर की श्रृंखला में आपके इस समाचार की विषय वस्तु से क्षोभ हुआ परन्तु आपकी संवेदनशीलता ने हृदय को स्पंदित कर दिया। अच्छे समाचारों के साथ फ़िल्म समीक्षाओं की भी अपेक्षा रहेगी।