चाक-चौबंद माहौल में गणतंत्र दिवस मनाए जाने से पहले राजधानी में तलाशी अभियान के दौरान दिल्ली पुलिस ने रोहिंग्या नागरिकों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है।
राजधानी में अनेक ऐसी बस्ती है, जहां चोरी छिपे विदेशी रोहिंग्या मुस्लिम रहते हैं। फिलहाल पुलिस ने अलग जगह से तीन नाबालिग समेत कुल आठ रोहिंग्या नागरिकों (म्यांमार नागरिक) को दबोचा है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज और द्वारका जिले के उत्तम नगर थाने में इनके खिलाफ विदेशी एक्ट के तहत अवैध रूप से भारत में आने और यहां रहने का मामला दर्ज किया गया है। जबकि स्थानीय पुलिस सभी को लामपुर स्थित डिटेंशन सेंटर में भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि छह जनवरी को उनकी टीम को सूचना मिली थी कि कुछ म्यांमार के विदेशी नागरिक अवैध रूप से दिल्ली पहुंचे हैं। इस तरह की जानकारी मिलने के बाद पटपड़गंज थाने की टीम आनंद विहार रेलवे स्टेशन के बाहर पहुंची तो वहां से कुछ रोहिंग्या नागरिकों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस को इनमें 10 और 14 साल के दो लड़के, 15 साल की एक किशोरी, 60 व 31 साल के दो पुरुष और पचास साल की एक महिला मिले। इनको थाने लाकर सभी से पूछताछ की तो इन लोगों ने बताया कि यह लोग त्रिपुरा से ट्रेन में सवार होकर दिल्ली पहुंचे हैं।
छानबीन में खुलासा हुआ है कि हाल में यह लोग म्यांमार से अवैध रूप से बार्डर पार कर भारत की सीमा में दाखिल हुए थे। इसके बाद अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी इनसे पूछताछ की।
बाद में सभी को लामपुर स्थित डिटेंशन सेंटर में भेज दिया गया। दिल्ली पुलिस का कहना है कि दूसरे मामले में पुलिस ने उत्तम नगर के हस्तसाल इलाके से दो रोहिंग्या नागरिकों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया।
आरोपियों की पहचान हामिद हुसैन (23) और नबी हुसैन (22) के रूप में हुई है। जांच कार्रवाई में पता चला है कि दोनों नवंबर में बांग्लादेश के रास्त अवैध रूप से भारत में आए थे।
यहां हस्तसाल में दोनों किसी जानकार के साथ रह रहे थे। पुलिस के अलावा जांच एजेंसियों ने इनसे भी पूछताछ की। बाद में इनको भी डिटेंशन सेंटर भेजकर एफआरआरओ को सूचित कर दिया गया।
उत्तम नगर थाने में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। दिल्ली पुलिस का कहना है कि सभी बिना किसी दस्तावेज के राजधानी में रह रहे थे और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने तक सभी रोहिंग्या को डिटेंशन कैंप में रखा गया है।
दिल्ली पुलिस सूत्रों का कहना है कि उत्तम नगर से इन दोनों विदेशी नागरिकों को हिरासत में लेने के बाद पांच और लोग पकड़े गए लेकिन इसकी अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई।