अर्चना कुमारी । निर्भया गैंगरेप के बाद राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई बड़े दावे किए गए थे लेकिन वास्तविकता इससे कोसों दूर है । इस बार पंजाबी बाग इलाके में एक महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और पुलिस के लिए सुकून यह है कि उसने आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
पता चला है कि नाबालिग बेटी को ढूंढने निकली महिला के साथ चार लोगों ने मदद के बहाने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। बताया जाता है कि 36 वर्षीय पीड़िता को अगले सुबह जब होश आया तो उसने पुलिस को कॉल की। छानबीन के बाद पुलिस ने मामले में तीन आरोपी को गिरफ्तार किया।
इसकी पहचान नवीन सिंह भंडारी (28), बिस्व मोहन आचार्य (26) और अक्षय तनेजा (30) के रूप में हुई है। पुलिस को इनके चौथे साथी की तलाश है। पुलिस ने नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मूलरूप से नेपाल की रहने वाली महिला अपने पति व बच्चों के साथ पंजाबी बाग इलाके में रहते हैं। महिला का पति प्राइवेट नौकरी करता है। वारदात से पहले अचानक महिला की नाबालिग बेटी बिना कुछ बताए घर से निकल गई।
उसके बाद फिर महिला बेटी को ढूंढने के लिए घर से निकली। इस दौरान महिला को एक रेस्त्रां के बाहर आरोपी मिले। उन्होंने महिला से देर रात घूमने का कारण पूछा। महिला ने बेटी के बारे में बताया तो आरोपी उसकी मदद की बात करने लगे। उसके बाद आरोपी महिला के साथ इधर-उधर लड़की की तलाश करते रहे। बाद में बहाने से महिला को मादीपुर के एक मकान में ले गए। वहां कोल्डड्रिंक में कुछ नशीला पदार्थ पीड़िता को पिला दिया।
इसके बाद महिला ने अपनी सुधबुध खो दी और आरोपियों ने उसका इज्जत लूट लिया। बाद में आरोपी फरार हो गए। पीड़िता को जब होश आया तो उसने मादीपुर पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस ने महिला का मेडिकल करवाया और मामला दर्ज कर लिया। बाद में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।