आईएसडी नेटवर्क। करण जौहर की ‘ब्रम्हास्त्र : पार्ट वन शिवा’ के कलेक्शन को लेकर असमंजस बना हुआ है। खाली थियेटर और जौहर की फिल्म के बढ़ते आंकड़ों का तालमेल ट्रेड पंडितों को समझ नहीं आ रहा है। आंध्रा बॉक्स ऑफिस नामक वेब पोर्टल के अनुसार फिल्म का बजट 410 करोड़ नहीं, बल्कि 650 करोड़ है। इस हिसाब से फिल्म की 38 प्रतिशत लागत मुश्किल से वसूल हुई है और अब कलेक्शन बढ़ने के बजाय तेज़ी से गिरने लगे हैं।
गुरुवार को ब्रम्हास्त्र : पार्ट वन शिवा’ के कलेक्शन सबसे कम रहे। इस दिन कलेक्शन सिमट कर 8 करोड़ पर आ गए। ध्यान रहे कि फिल्म की ओपनिंग 32 करोड़ पर हुई थी और रविवार को इसने सबसे अधिक कलेक्शन किया था। इसके बाद कलेक्शन लगातार गिरते चले जा रहे हैं। बॉक्स ऑफिस पर ये एक फ्लॉप फिल्म के संकेत हैं।
शुरु के तीन दिन अधिकांश दर्शक रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के प्रशंसकों में से थे इसलिए फुटफॉल्स अच्छे मिल रहे थे। आंध्रा बॉक्स ऑफिस ने अपनी ट्वीटर पोस्ट पर ब्रम्हास्त्र को फ्लॉप बताया है। उक्त पोर्टल के अनुसार फिल्म का बजट 410 करोड़ नहीं बल्कि 650 करोड़ है। यदि आंध्रा बॉक्स ऑफिस के तथ्यों पर विश्वास किया जाए तो फिल्म आधी लागत भी वसूल नहीं कर सकी है।
फिल्म की एडवांस बुकिंग का बुरा हाल है। शुक्रवार के लिए फिल्म की बुकिंग केवल तीन करोड़ की हुई है। हिन्दी पट्टी में मीडिया फिल्म को ब्लॉकबस्टर बता रहा है, जबकि हिन्दी को छोड़ बाकी भाषाओं में फिल्म का हाल बेहाल है। रिलीज के सातवें दिन फिल्म ने तमिल में 7 लाख, तेलुगु में 13 करोड़, मलयालम में 1 लाख और कन्नड़ में 3 लाख के कलेक्शन जुटाए हैं।
तेलुगु में फिल्म के कलेक्शन बेहतर होने का कारण सुपरस्टार नागार्जुन हैं। उनके किरदार को तेलुगु पट्टी में पसंद किया गया है। इस शुक्रवार कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है। इस एक सप्ताह में ब्रम्हास्त्र : पार्ट वन शिवा को अपनी लागत वसूल करनी होगी। हालाँकि गिरते कलेक्शन को देखकर ये संभव नहीं लग रहा है कि अगले सात दिन में फिल्म लागत वसूल कर लाभ कमाने की शुरुआत कर दे।
फिल्म की ग्रॉस इनकम ही बताई जा रही है। जब नेट कलेक्शन सामने आएगा तो ये आंकड़ा और कम हो जाएगा।