विपुल रेगे। पिछले कुछ वर्षों में भारत के वास्तविक ख़ुफ़िया अभियानों को लेकर कुछ अच्छी फिल्मों का निर्माण किया गया। स्पेशल ऑप्स, उरी, बेबी जैसी फिल्मों ने राष्ट्रवाद को उभारा है। भारतीय ख़ुफ़िया अधिकारियों के साहसिक कारनामों पर एक और फिल्म रिलीज हुई लेकिन इसे थियेटर्स में अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला। विद्युत जम्वाल की ‘आईबी 71’ इसी माह हॉटस्टार पर रिलीज हुई है। भारत के वीरता से भरे इतिहास के एक असाधारण अध्याय को ‘आईबी 71’ में प्रभावी और वास्तविक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
ओटीटी मंच : disney+ hotstar
फिल्म की कहानी एक ख़ुफ़िया अधिकारी देव जामवाल से शुरु होती है। देव को भारत पर पाकिस्तान और चीन के होने वाले हमलों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए दुश्मन की धरती पर भेजा जाता है। ऐसी सूचना है कि पाकिस्तान भारत पर बड़ा हमला करने जा रहा है। ऐसे में इस हमले को टालने के लिए भारत के पास एक ही रास्ता है कि हवाई क्षेत्र में उड़ान पर पाबंदी लगा दी जाए। देव अपने सीनियर एन.एस.अवस्थी को एक ऐसी योजना बताता है, जिसकी सहायता से हवाई क्षेत्र शत्रु के लिए बंद किया जा सकता है।
इसके लिए भारतीय खुफिया एजेंसियां एक बड़ा खेल रचती है। ‘आईबी 71’ की सबसे सुंदर बात ये है कि ये अपने मूल विषय से ज़रा भी नहीं भटकती है। इसमें दर्शकों के मनोरंजन के लिए अतिरिक्त प्रयास नहीं किये गए हैं। कोई आइटम गीत नहीं डाला गया है। विषय पर ध्यान केंद्रित होने से फिल्म अपनी लाइन से भटकती नहीं है। इसके एक्शन दृश्यों में घिसा-पिटा बॉलीवुड एक्शन नहीं दिखाया गया है। आर्ट डायरेक्शन और सिनेमेटोग्राफी बहुत दमदार है।
विद्युत जम्वाल ने मुख्य भूमिका को सहज और स्वाभाविकता के साथ निभाया है। उन्होंने अपनी एक्शन इमेज पर काबू पाते हुए अच्छा अभिनय दिखाया है। इस फिल्म से विद्युत के अभिनय में और निखार आया है। ख़ुफ़िया एजेंसी के चीफ की भूमिका में अनुपम खेर बहुत बार दिखाई दिए हैं। ऐसे किरदारों में रिपिटेशन से अनुपम खेर को बचना चाहिए। अनुपम खेर से बेहतर तो विशाल जेठवा रहे। युवा विशाल ने एक आतंकी का किरदार किया है। ये एक ऐसा कश्मीरी युवक है, जो कश्मीर आज़ाद कराना चाहता है। एक बैचेन कश्मीरी के रुप में विशाल ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।
संकल्प रेड्डी एक उभरते हुए युवा निर्देशक है। उनके खाते में स्तरीय फ़िल्में दर्ज हैं। सन 2017 में ‘द गाज़ी अटैक’ बनाकर संकल्प ने दर्शकों की प्रशंसा पाई थी। ‘आईबी 71’ देखने योग्य फिल्म है। ये इतिहास के एक उल्लेखनीय अध्याय को जस का तस प्रस्तुत करने में सफल रहती है। इसकी कैची पटकथा दर्शको को बांधे रखने में सफल रहती है। यदि आपको पीरियड एक्शन थ्रिलर का शौक है, तो इसे ओटीटी पर देख सकते हैं।