आईएसडी नेटवर्क। जैकी भागनानी और रकुल प्रीत सिंह के विवाह समारोह की शुरुआत हो गई है। फिल्म निर्माता वासु भागनानी के बेटे जैकी और अभिनेत्री रकुल प्रीत लम्बे समय से प्रेम संबंध में थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार विवाह की कुछ रस्में मुंबई में होगी और इसके बाद विवाह गोवा में सम्पन्न होगा। विवाह समारोह में दोनों के मित्र और परिवारजन ही शामिल होंगे। विवाह पश्चात् 22 फरवरी को मुंबई में रिसेप्शन होने की सूचना है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, रकुल और जैकी का विवाह साउथ गोवा के होटल आईटीसी ग्रैंड में 21 फरवरी को होगा।
जैकी भागनानी और रकुल प्रीत सिंह विगत दो वर्ष से रिलेशनशिप में हैं। इस बात का खुलासा सन 2022 में रकुल प्रीत ने खुद किया था। उन्होंने अपने जन्मदिन पर जैकी के साथ फोटो पोस्ट कर अपने रिश्ते पर मोहर लगा दी थी। रकुल एक इंटरव्यू में अपनी प्रेम कहानी के बारे में स्वीकार कर चुकी हैं। जैकी और रकुल पड़ोसी थे लेकिन उनकी कभी बातचीत नहीं हुई थी। एक अन्य मित्र के जरिये दोनों मिले और मित्रता हुई। इसके बाद दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई।
इन दोनों को कई बार सार्वजनिक रुप से साथ देखा गया था और तभी इनके रिश्ते के बारे में मीडिया खबरे छापने लगा था। मीडिया के अनुसार जैकी और रकुल डेस्टिनेशन वेडिंग करने जा रहे हैं। शादी साउथ गोवा स्थित आईटीसी ग्रैंड होटल में होने वाली हैं। बताया जा रहा है कि विवाह में किसी को फोन रखने की इज़ाज़त नहीं होगी। विवाह की कोई फोटो लीक न हो जाए, इसलिए ये सावधानी रखी जा रही है। 45 एकड़ में फैला आईटीसी ग्रैंड होटल का रिजॉर्ट गोवा की सबसे भव्य लोकेशन पर स्थित है।
इस होटल में एक दिन रहने का किराया ही 22 हज़ार रुपये होता है। रकुल प्रीत सिंह और जैकी भगनानी ने अपनी शादी के लिए इस पूरे रिसॉर्ट को बुक किया है। 33 वर्षीय रकुल प्रीत 2014 से फिल्म इंडस्ट्री में बतौर अभिनेत्री काम कर रही हैं। उन्होंने हिन्दी से अधिक दक्षिण भारतीय फिल्मों में अभिनय किया है। सुशांत सिंह राजपूत केस के बाद जब बॉलीवुड में ड्रग्स रैकेट का खुलासा हुआ, तो कई बड़े नाम सामने आए थे। इन नामों में एक रकुल प्रीत भी थीं। जैकी भागनानी एक फ्लॉप स्टार किड हैं। वे 2009 से इंडस्ट्री में भाग्य आज़माते रहे लेकिन कभी सफलता नहीं मिली। अब वे फिल्म प्रोडक्शन का काम देख रहे हैं।