अर्चना कुमारी। नोएडा के एक सोसायटी में कुत्ते को लेकर मारपीट की घटना हुई। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला और एक पुरुष के बीच लिफ्ट में बहस हो रही है। पुरुष रिटायर्ड अधिकारी है और पुरुष का मोबाइल महिला फेंक देती है।
उसके बाद महिला को पुरुष थप्पड़ मार देते हैं। इस पर दोनों में हाथापाई होने लगती है। एक अन्य वायरल वीडियो में थप्पड़ मारने वाले पुरुष को एक अन्य पुरुष पीटते दिख रहा है। घटना सोमवार की है। वीडियो में महिला जिस पुरुष का मोबाइल फेंकते दिख रही है, वे एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी बताए जा रहे हैं। उनकी आपत्ति लिफ्ट में कुत्ता लाने पर था जबकि विवाद नोएडा के सेक्टर 108 में स्थित पार्क लॉरेट हाउसिंग सोसायटी में हुआ।
महिला कुत्ते को लिफ्ट में अपने साथ ले जाने पर आमादा थी, जबकि पूर्व अधिकारी इसका विरोध कर रहे थे।लिफ्ट में कुत्ते को ले जाने पर अमादा महिला के साथ एक अन्य लड़की भी थी, जिसने कुत्ते की जंजीर अपने हाथों में पकड़ रखी थी। इसी दौरान उसी लिफ्ट में पूर्व अधिकारी आर पी गुप्ता भी मौजूद थे ,जिन्होंने लिफ्ट में कुत्ते की मौजूदगी का विरोध किया।
इसी बात को ले कर दोनों पक्षों में बहस हो गई। बहस के दौरान पूर्व अधिकारी महिला का वीडियो बनाने लगे। वीडियो बनता देख कर महिला ने उनका मोबाइल छीनकर फेंक दिया। इस बात पर पूर्व अधिकारी भड़क गए और उन्होंने महिला को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों में हाथापाई होने लगी। एक अन्य वायरल वीडियो में एक पुरुष रिटायर्ड आईएएस पर हमला करते दिख रहा है। इस व्यक्ति को लिफ्ट में बहस करने वाली महिला का पति बताया जा रहा है।
नोएडा पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। दोनों पक्षों से पुलिस ने बात की है। पुलिस ने वीडियो की जाँच के बाद जरूरी कार्रवाई की बात कही है।ज्ञात हो नवंबर 2022 में नोएडा प्रशासन ने पालतू कुत्तों को ले कर कड़े नियम बनाए थे। इसमें कुत्ते द्वारा सार्वजानिक स्थान पर गंदगी करने पर खुद ही साफ करने और 10 हजार रुपए का भी प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा साथ ही 31 जनवरी 2023 तक सभी पालतू कुत्ते-बिल्लियों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया था। इसी आदेश में पालतू कुत्तों को स्ट्रेलाईजेशन व एण्टीरेबीज वैक्सीनेशन न लगवाने वाले मालिकों को 1 मार्च 2023 से प्रतिमाह 2000/- रुपए का जुर्माना भी भरने के निर्देश थे। इस बीच कुत्ता काटने की भी कई घटनाएं हो चुकी है।