आईएसडी नेटवर्क। सुशांत सिंह राजपूत की हत्या की सीबीआई जाँच को शुरू हुए शुक्रवार को 23 दिन हो गए। इन 23 दिनों में सीबीआई के बाद जाँच करने आई दूसरी केंद्रीय एजेंसी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो जाँच और गिरफ्तारी के मामले में सीबीआई से आगे निकल गई। शुक्रवार को मुंबई के एक विशेष न्यायालय ने रिया रिया चक्रवर्ती समेत छह आरोपियों की ज़मानत याचिका रद्द कर दी। इन सभी को ड्रग्स के मामले में गिरफ्तार किया गया है। उधर एक 68 वर्षीय पूर्व नौसेना अधिकारी के साथ आठ शिव सैनिकों ने दरिंदगी दिखाई क्योंकि उसने सरकार के खिलाफ एक व्हाट्सएप मैसेज फॉरवर्ड किया था। उद्धव सरकार की अराजकता के इस दौर में महाराष्ट्र के संस्कार और संस्कृति अपयश पा रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज में इस बात का खुलासा हुआ कि इस वृद्ध पूर्व सैनिक मदन शर्मा पर आठ शिवसैनिक हमला करते हैं। वृद्ध भागने का असफल प्रयास करते हैं। उनको लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा जाता है। वे हाथ जोड़कर न मारने की बात कहते हैं लेकिन शिवसेना के गुंडे उनकी उम्र का लिहाज न करते हुए बुरी तरह मारते हैं।
बाद में उनको इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उनकी आंख और पेट में गंभीर चोट आई है। शिवसेना सरकार ने महाराष्ट्र, विशेष रुप से मुंबई में संविधान की किताब को बंद करके रख दिया है। रिपब्लिक भारत के रिपोर्टर को पुलिस हिरासत में शुक्रवार को सत्तर घंटे से अधिक हो गए। एक पत्रकार को गिरफ्तार करना, एक वृद्ध को पीटना, एक अभिनेत्री का ऑफिस तोड़ देना दर्शाता है कि उद्धव सरकार अपने किसी ख़ास को फंसते देख बौखला गई है।
उधर रिया को फिर से भायखला जेल भेज दिया गया। एनसीबी द्वारा रिया चक्रवर्ती, शौविक चक्रवर्ती, सैमुअल मिरांडा, दीपेश सावंत, ड्रग पैडलर ज़ैद विलात्रा और अब्दुल बासित परिहार को गिरफ्तार किया गया था। रिया और शौविक के खिलाफ एनसीबी ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 के तहत प्रकरण दर्ज किया था। विशेष न्यायालय ने सभी आरोपियों की ज़मानत खारिज कर दी।
इस केस में सीबीआई शिद्द्त से सुशांत सिंह राजपूत की विसरा रिपोर्ट की प्रतीक्षा कर रही है। सुशांत का विसरा हवाई जहाज द्वारा दिल्ली एम्स ले जाया गया था। इसकी जाँच रिपोर्ट सीबीआई को सोमवार तक मिलने की पूरी संभावना दिखाई दे रही है।
जाँच रिपोर्ट मिलते ही सीबीआई सुशांत केस में हत्या के एंगल से जाँच शुरू कर सकेगी। एम्स के डॉक्टरों ने सीबीआई के साथ मिलकर सुशांत सिंह राजपूत के घर क्राइम सीन दोहराया था। इसके बाद ही सीबीआई ने कूपर अस्पताल में पोस्टमार्टम में शामिल डॉक्टरों से कड़ी पूछताछ की थी। कुल मिलाकर आगामी मंगलवार तक सीबीआई के सामने स्पष्ट हो जाएगा कि उसे सुशांत सिंह राजपूत की मौत को हत्या मानकर जाँच शुरू करना है या नहीं।