विपुल रेगे। विगत कुछ वर्षों से हॉलीवुड प्रसिद्ध वीडियो गेम्स को आधार बनाकर फिल्मों का निर्माण कर रहा है। अनचार्टेड एक ऐसा ही वीडियो गेम है, जो विशेष रुप से टीनएजर्स में बहुत लोकप्रिय हुआ है। इस गेम को आधार बनाकर निर्देशक Ruben Fleischer ने एक मनोरंजक फिल्म का निर्माण किया है। मार्क वालबर्ग और टॉम हॉलेंड की मुख्य भूमिकाओं से सजी ‘अनचार्टेड’ न केवल मनोरंजन करती है, बल्कि रोमांचकारी रोलर कोस्टर राइड जैसा अनुभव भी देती है।
अनचार्टेड एक एक्शन-एडवेंचर गेम है। ये पहली बार सन 2007 में लॉन्च किया गया था। 2007 से ही ये बच्चों और टीनएजर्स में बहुत लोकप्रिय हो गया। इसकी विषयवस्तु और इसका कथानक बच्चों को बहुत पसंद आया था। अनचार्टेड का एक्शन-एडवेंचर पुरातत्व पर आधारित है। इस गेम के कैरेक्टर खोजी होते हैं और हर बार एक बहुत ही खतरनाक खोजी अभियान करते हैं।
अनचार्टेड के साथ पुरातत्व का जुड़ा होना इसके आकर्षण को और भी बढ़ा देता है। जैसे एक और वीडियो गेम ‘टॉम्ब रैडर’ की मुख्य कैरेक्टर भी पुरातन वस्तुओं को खोजने का काम करती है। इस पर भी दो बड़े बजट की फ़िल्में बनाई गई थी और बहुत सफल भी रही। Ruben Fleischer की ये फिल्म मूल वीडियो गेम के सभी पहलुओं को सम्मिलित तो नहीं कर पाती किन्तु फिर भी मनोरंजन और रोमांच भरपूर देती है।
फिल्म का कथानक वीडियो गेम की स्टोरीलाइन से ही उठाया गया है। नाथन ड्रेक और उसका भाई बचपन में बिछुड़ गए थे। दोनों ही बचपन से एक रोमांचकारी खोजी अभियान करना चाहते थे। उनका सपना था कि वे एक दिन Ferdinand Magellan नामक पुर्तगाली खोजी द्वारा कहीं छुपा दिए गए सोने से भरे समुद्री जहाजों को खोज निकाले। बड़े होने पर भी ड्रेक का सपना बरक़रार है।
एक दिन उसे एक अन्य ट्रेजर हंटर विक्टर मिलता है। ये दोनों इस खोजी अभियान पर निकलते हैं। निर्देशक ने वीडियो गेम की कल्पना को भव्य ढंग से परदे पर साकार कर दिखाया है। निर्देशक ने एक्शन सीक्वेंस के साथ उन दृश्यों को भी खूब विस्तार दिया है, जिनमे सोने से भरे जहाजों को खोजने की रोचक कवायदे दिखाई गई है। निर्देशक के सामने बड़ी चुनौती ये थी कि एक विशाल वीडियो गेम को उन्हें ढाई घंटे की कथा में समेटना था।
और ये कार्य निर्देशक ने सुंदरता के साथ किया है। भारत में इस तरह की फिल्मों का बाज़ार कभी बन ही नहीं पाता।अनचार्टेड इटली की सुंदर पृष्ठभूमि में और भी निखर उठता है। पश्चिम के रचनाकार अपनी धर्म और संस्कृति को किस तरह रोमांचकारी कथाओं में पिरोते हैं, ये उसका श्रेष्ठ उदाहरण है। सोने से भरे ज़हाज़ों के नक़्शे तक पहुँचने के लिए दो सुनहरे क्रॉस की आवश्यकता है।
उनमे से एक Magellan परिवार के पास है और दूसरा क्रॉस एक चर्च में छुपाकर रखा गया है। जिसके पास ये दोनों नक़्शे होंगे, वही ख़ज़ाने के असली नक़्शे तक पहुँच सकेगा। ये दोनों सुनहरे क्रॉस उस ख़ज़ाने तक पहुँचने की प्रारंभिक चाबी है। पश्चिम के गेम डेवलपर बहुधा ईसाई धर्म के प्रतीकों को अपने खेलों में प्रयोग करते आए हैं। और ये प्रयोग कथानक में सुंदर अनुभूति भी देता है।
यदि भारतीय फ़िल्मकार चाहे तो वे भी ऐसी फ़िल्में बना सकते हैं और अपने प्रतीकों का उपयोग कहानी में कर सकते हैं। जैसा कि मैंने कहा ये एक रॉलर कॉस्टर राइड की सवारी करने जैसा अनुभव है। निर्देशक ने कथा का रोमांच अंतिम समय तक बना कर रखा है। इस फिल्म में एक पंचलाइन का प्रयोग बहुत बार किया गया है। बचपन में ड्रेक को उसके भाई ने खोने और चले जाने का अर्थ समझाया था।
ड्रेक को उसके भाई ने कहा था कि ‘जो एक बार खो गया है, वह पाया जा सकता है लेकिन जो एक बार चला गया, उसे नहीं पाया जा सकता। यही फिलॉसफी ड्रेक को खोजी अभियानों के लिए प्रेरित करती है। जो दर्शक ‘ट्रेजर हंटर्स’ को पसंद करते हैं, उनके लिए ये फिल्म सप्ताहांत का बढ़िया चारा बन सकती है। जिन दर्शकों ने नेशनल ट्रेजर और टॉम्ब रैडर को पसंद किया था, वे अनचार्टेड से निराश नहीं होंगे क्योंकि यहाँ मनोरंजन रहस्यों के धुँधलके में लिपटा हुआ है। फिल्म सपरिवार देखी जा सकती है। इसमें कोई वयस्क दृश्य नहीं है। ये एक स्वस्थ मनोरंजक राइड की तरह है।