फिल्म स्टार अनिल कपूर और फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप में दुश्मनी हो गई है। एक टीवी बहस के दौरान बात इतनी बढ़ गई कि अनुराग ने अनिल के मुंह पर पानी दे मारा। इसके बाद फिल्म इंडस्ट्री ने अनुराग के साथ असहयोग करना शुरु कर दिया। अनुराग की फ़िल्में एक के बाद एक छीनी जाने लगी। बदले की आग में जल रहे अनुराग ने एक प्लान बनाया।
उसने अनिल कपूर की बेटी सोनम कपूर का अपहरण कर लिया। अब अनुराग उसके सामने अजीबोगरीब शर्त रखता है। वह अनिल से कहता है कि अपनी बेटी को जहाँ खोजने जाओगे, मेरा कैमरा तुम्हे शूट करता रहेगा। बेटी के लिए अनिल कपूर को ये शर्त माननी पड़ती है। ‘एके वर्सेज एके’ का अर्थ यही है कि फिल्म में दोनों कैरेक्टर अपने मूल नाम से प्रस्तुत हैं।
ये सिनेमा की एक पुरानी विधा है, जिसमे वास्तविकता और कल्पना के बीच एक महीन सी रेखा होती है। वास्तविकता और कल्पना एक दूसरे में घुलते दिखाई देते हैं। हालांकि निर्देशक विक्रमादित्य मोटवाने ने इस विधा का कचूमर निकाल दिया है। हर फिल्म को बनाने के पीछे निर्देशक की एक विचार यात्रा होती है। एक निर्देशक और एक पूर्व सुपर स्टार के बीच ये लड़ाई दिखाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करने का क्या उद्देश्य है?
फिल्म इतनी झेलाऊ है कि सन ‘2020- केला अवार्ड’ के लिए इसका नाम घोषित किया जा सकता है। वहां भी इस केटेगरी में डेविड धवन की ‘कुली नंबर’ वन मुकाबले में साथ खड़ी होगी। दोनों फिल्मों में जो अधिक वाहियात होगी, उसे केला अवार्ड दिया जाएगा। सच में ‘एके वर्सेज एके’ आप पूरी नहीं देख सकते। कचरा माल बनाकर उसे ओटीटी पर महंगे दाम पर बेचने की परंपरा ये परिणाम ला रही है।
और हाँ हम ये तो भूल ही गए कि इस फिल्म में भारतीय वायु सेना का अपमान यथावत है। अभिनेता अनिल कपूर ने जो माफ़ी मांगी थी, वह किसलिए थी? पूरी फिल्म में तो अनिल कपूर वायुसेना की वर्दी पहने गाली-गलौच करते दिखाई देते हैं। वायुसेना की ली गई आपत्ति को केंद्र सरकार ने कोई महत्व नहीं दिया और फिल्म बिना किसी कट के प्रदर्शित हो गई।
इस प्रकरण से अनुराग कश्यप जैसे और फिल्मकार उत्साहित ही होंगे। उन्हें अब ये पता चल गया है कि सेना की वर्दी को फिल्म में खूब कलंक लगाओ, यहाँ रोकने वाला कोई नहीं है। यहाँ तक कि सेना भी इतनी विवश है कि इन अध पागल फिल्मकारों के विरुद्ध कुछ नहीं कर सकती।
वायुसेना ने जिस दृश्य पर आपत्ति ली थी, वह तो पूरी फिल्म के आगे कुछ भी नहीं है। वायु सेना को ये जानकर अपना खून और जलाना चाहिए कि अनिल कपूर के बदन पर चढ़ी वायुसेना की वर्दी ने नाइट क्लब की मस्ती भी देखी और इस अभिनेता के मुंह से अश्लील गालियां भी सुनी। अब आप क्या कर लेंगे वायुसेना।