आईएसडी नेटवर्क। शनिवार को हिन्दी फिल्म उद्योग से एक दुःखी करने वाला समाचार आया। ‘दंगल’ फिल्म में बबीता फोगाट के बचपन का किरदार करने वाली सुहानी भटनागर का मात्र 19 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पिछले कुछ दिनों से फरीदाबाद के एक अस्पताल में सुहानी का इलाज चल रहा था। एक दुर्घटना के बाद सुहानी की जीवन यात्रा पर हमेशा के लिए विराम लग गया। बहुत प्रयास करने के बाद भी सुहानी को बचाया नहीं जा सका।
सन 2016 में नितेश तिवारी की ‘दंगल’ रिलीज हुई थी। ‘दंगल’ बॉक्स ऑफिस पर बहुत सफल हुई थी। इस फिल्म में आमिर खान जैसे सितारों के साथ सुहानी भटनागर ने भी काम किया था। सुहानी उस समय दस वर्ष की थीं। फिल्म में उन्होंने बबीता फोगाट के बचपन का किरदार निभाया था। एक फिल्म करने के बाद सुहानी ने पढ़ाई करने के लिए लंबा ब्रेक ले लिया था। आखिरी बार वे सन 2021 में नज़र आईं थीं। अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर उन्होंने अपनी एक फोटो पोस्ट की थी।
इसके बाद सुहानी लगभग गायब हो गई थीं। कुछ दिन पूर्व सुहानी के पैर में फ्रेक्चर हुआ था। इसके ट्रीटमेंट के दौरान सुहानी दवाइयां ले रही थीं। इन दवाइयों के रिएक्शन से सुहानी के शरीर में पानी भर गया। इस कारण शुक्रवार को फरीदाबाद में उनका निधन हो गया।
आमिर खान की टीम ने शोक संदेश प्रसारित करते हुए लिखा ‘सुहानी के गुजर जाने की खबर से हम बेहद दुखी हैं। उनकी मां पूजा जी और पूरे परिवार के साथ हमारी संवेदनाएं हैं। सुहानी बेहद टैलेंटेड लड़की थीं, हमेशा टीम प्लेयर बनकर काम करती थीं। उनके बिना दंगल अधूरी रहती। सुहानी आप हमारे दिलों में हमेशा स्टार रहेंगीं।’ फिल्म निर्देशक नितेश तिवारी ने सुहानी के निधन पर कहा ‘सुहानी का निधन बिल्कुल शॉकिंग और दिल तोड़ने वाला है। वह बहुत ही खुश रहने वाली बच्ची थी जो जीवन से भरपूर थी।