आईएसडी नेटवर्क। बॉलीवुड के लिए त्योहारी सप्ताह लाभदायक नहीं रहा। नवरात्रि और विजया दशमी के अवसर पर लाभ कमाने के लिए रिलीज की गई फ़िल्में बॉक्स ऑफिस की दौड़ में पिछड़ गई। ‘गणपत : ए हीरो इज बॉर्न’ और ‘यारियां 2’ बुरी तरह पिट गई। तमिल एक्शन थ्रिलर ‘लियो’ इस समय कमाई में सबसे आगे चल रही है। नकारात्मक समीक्षाओं के बावजूद ‘लियो’ ने टिकट खिड़की पर हंगामा मचा दिया है। तेलुगु फिल्म ‘टाइगर नागेश्वर राव’ कमाई में पीछे रह गई है।
टाइगर श्रॉफ की ‘गणपत : ए हीरो इज बॉर्न’ 200 करोड़ की महंगी लागत से बनाई गई है। रिलीज के पहले दिन से पांचवे दिन के बीच एक भी बार ये फिल्म पांच करोड़ का कलेक्शन नहीं कर पाई। फिल्म ने पहले दिन ₹ 2.5 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म ने अब तक महज ₹11.18 करोड़ का कलेक्शन किया है। ओवरसीज में फिल्म का प्रदर्शन बहुत लचर रहा। ओवरसीज में फिल्म दो करोड़ का कलेक्शन भी नहीं कर पाई।
पिछले सप्ताह रिलीज हुई ‘यारियां 2’ बुरी तरह पिट गई है। ये फिल्म पांच दिन में तीन करोड़ भी नहीं कमा सकी। इस बार बॉलीवुड नवरात्रि और दशहरे का व्यावसायिक लाभ नहीं उठा सका। थलापति विजय ने एक बार फिर टिकट खिड़की पर अपना पॉवर दिखाया है। उनकी फिल्म ‘लियो’ की बहुत आलोचना हुई लेकिन उससे कलेक्शन पर कोई असर नहीं दिखा। पांच दिन के तूफानी प्रदर्शन में ‘लियो’ ने ₹ 415.4 का कलेक्शन किया है। त्योहारी माहौल में ये फिल्म सरपट दौड़ रही है। विशेष बात ये है कि थलापति की ये पैन इंडिया फिल्म हिन्दी पट्टी के दर्शकों को पसंद आई है।
हिन्दी पट्टी में फिल्म ने ₹ 13.75 करोड़ का कलेक्शन किया है। इतना कलेक्शन हिन्दी पट्टी में करने वाली थलापति की ये पहली फिल्म है। आगामी 27 अक्टूबर को दो बड़ी फ़िल्में रिलीज हो रही है। ‘बारहवीं फेल’ और ‘तेजस’ के बीच मुकाबला होगा। हालाँकि ‘बारहवीं फेल’ को अधिक दर्शक मिलने की उम्मीद दिखाई दे रही है।
कंगना रनौत की ‘तेजस’ को देखने के लिए दर्शकों ने अधिक उत्साह नहीं दिखाया है। कुल मिलाकर अब बॉक्स ऑफिस बिना किसी बड़े सितारे के फायदा कमाने की कोशिश कर रहा है। शाहरुख़ खान की ‘जवान’ अब सिनेमाघरों से उतरने जा रही है और सनी देओल की ‘ग़दर 2’ विदा ले चुकी है। ऐसे में बॉलीवुड को एक और बड़ी हिट फिल्म की आवश्यकता है, जो अभी दूर-दूर तक दिखाई नहीं दे रही।