आईएसडी नेटवर्क। फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा ने अपनी प्रेमिका लिन लैशराम से विवाह रचा लिया है। इन दोनों का विवाह दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गया है। इन दोनों ने इम्फाल में मणिपुरी मैतेई रीति-रिवाजों से विवाह किया। रणदीप और लिन लंबे समय से रिश्ते में थे और शादी करना चाहते थे। 29 नवंबर को करीबी दोस्तों और परिवार के सदस्यों के बीच दोनों का विवाह संपन्न हुआ।
रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम ने अनोखे ढंग से अपने विवाह की थीम पौराणिक रखी थी। ये विचार इस प्रेमी जोड़े को महाभारत से आया था। उल्लेखनीय है कि पांच पांडवों में से एक महावीर अर्जुन मणिपुर की ओर गए थे और वहां उन्होंने उस राज्य की राजकुमारी चित्रांगदा से विवाह किया था। इस कथा से रणदीप बहुत उत्साहित थे और उन्होंने इसे कार्यान्वित करने में ज़रा भी देर नहीं की।
विवाह में दोनों ने ठेठ पारंपरिक मणिपुरी पहनावा पहना था। जब विवाहित जोड़े के फोटोग्राफ्स सोशल मीडिया पर आए तो लोगों ने इनकी बहुत सराहना की। देखा जाता है कि बॉलीवुड से कोई भी सितारा जब विवाह करता है तो आमतौर पर देश से बाहर ही करता है। इनके विवाह में पारंपरिक पहनावे से परहेज किया जाता है। हालाँकि रणदीप ने पारंपरिक ढंग से विवाह किया।
विवाह के अवसर पर रणदीप ने सफ़ेद कुर्ता और धोती पहना। उन्होंने सिर पर पीले रंग की पगड़ी धारण की थी। लिन लैशराम मणिपुरी वस्त्रों में ऊपर से नीचे तक गहनों में सजी हुई थी। इन दोनों को देखकर लग रहा था कि जैसे महाभारत काल से कोई जोड़ा वर्तमान युग में आ गया हो। रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम दोनों ही अभिनय के क्षेत्र में कार्यरत हैं। रणदीप हुड्डा की ‘स्वतंत्र वीर सावरकर’ नामक फिल्म रिलीज होने जा रही है। लिन लैशराम ने ‘ओम शांति ओम’, ‘मैरी कॉम’, ‘मटरू की बिजली का मंडोला’, ‘रंगून’ आदि फिल्मों में अभिनय किया है।