विपुल रेगे। रहस्य, रोमांच और परी कथाओं के प्रति मानव सदा से ही जिज्ञासु रहा है। जब ये विषय किसी फिल्म के साथ जुड़ जाते हैं तो दर्शकों की सहज रुचि उस फिल्म में हो जाती है। और जब ऐसी फिल्म में बच्चों के प्रिय सितारे ड्वेन जॉनसन ‘द रॉक’ मौजूद हो तो सोने पर सुहागा हो जाता है। डिज्नी की नई फिल्म ‘जंगल क्रूज’ थियेटर में प्रदर्शित हो चुकी है। इस फिल्म में रहस्य है तो सुंदर दृश्यावली भी है। इसमें कालखंड की विविधताएं हैं तो रोमांचक सीक्वेंस भी हैं।
फिल्म निर्देशक Jaume Collet-Serra की ‘जंगल क्रूज’ एक खोजी डॉ.लिली से शुरु होती है। लिली अमेजन के घने जंगलों में एक रहस्य खोज रही है। वह इस काम के लिए फ्रेंक वुल्फ को नियुक्त करती है । फ्रेंक अपनी बोट से उसे लेकर अमेजन जाता है। लिली उस रहस्य की खोज में है, जो सन 1556 में अमेजन के वर्षवनों में छुप गया था।
लिली एक ऐसा वृक्ष खोज रही है, जिसमे बड़ी से बड़ी बीमारी और घाव को ठीक करने की चमत्कारिक शक्ति है। इस वृक्ष के साथ एक श्राप भी जुड़ा हुआ है। फिल्म देखते हुए ऐसा लगता है कि हम एक यात्रा पर है। पुरानी बोट पर अमेजन की यात्रा हमें किसी डेस्टिनेशन फिल्म का अनुभव करवाती है। फिल्म की पृष्ठभूमि बीसवीं शताब्दी के आरंभ की है।
निर्देशक दर्शक को कुशलतापूर्वक उस कालखंड में ले जाता है। हॉलीवुड की ओर से ऐसी ही किसी फिल्म की आवश्यकता थी। हॉलीवुड की ओर से प्रदर्शित हुई पिछली फिल्म ‘फ़ास्ट एंड फ्यूरियस’ के नौवें संस्करण ने दर्शकों को निराश किया था। उसके बाद ‘जंगल क्रूज’ देखना एक सुखद अनुभव सिद्ध हुआ।
इस कहानी में रोमांच के साथ रोमांस की भी जगह बनाई गई है। ड्वेन जॉनसन का जलवा अपने दर्शकों के बीच कायम है। उन्होंने संतुलित अभिनय किया है। उम्र अब उन पर हावी होने लगी है लेकिन उनकी फिटनेस एक फ़िल्मी सितारे के लायक है। कैसा अजब संयोग है कि आज विश्व एक सूक्ष्म दैत्य कोरोना से लड़ रहा है और उसे समाप्त करने के उपाय खोज रहा है।
इस फिल्म में भी यही बताया गया है कि डॉ.लिली एक ऐसा वृक्ष खोज रही है, जिसके फूल में चमत्कारिक औषधीय गुण छुपे हुए हैं। ये एक ऐसी यात्रा है, जिसे शुरु करने के बाद आपको और कुछ ध्यान नहीं रहेगा। आप इस रोमांचकारी यात्रा में खो जाएंगे। बड़े दिनों से बच्चों के लायक कोई अच्छी फिल्म नहीं आई थी। वयस्कों के इस संसार में बचपन के लिए बहुत कम सोचा जाता है और जब ऐसी प्रस्तुतियां सामने आती है तो मन में बैठा बच्चा अचानक से मुखर हो उठता है। ‘द जंगल क्रूज’ आपको गंदगी रहित मनोरंजन देने में सफल है।