आईएसडी नेटवर्क। इंडिया स्पीक्स डेली के स्थापक और वरिष्ठ पत्रकार संदीप देव पर टाइम्स नाउ मीडिया समूह की ओर से अत्यंत आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। इसके एक वीडियो समाचार में संदीप देव को ‘फ्रिंज एलिमेंट’ कहकर संबोधित किया गया है। संदीप देव ने कुछ दिन पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख द्वारा हिन्दू ग्रन्थ के सन्दर्भ में तथ्यात्मक त्रुटि करने पर संघ प्रमुख मोहन भागवत जी एवं संघ विचारधारा की पत्रिका पांचजन्य और आर्गेनाइजर एवं उनके संपादक के विरुद्ध दिल्ली में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद टाइम्स नाउ मीडिया समूह ने अपने वीडियो समाचार में संदीप देव को ‘फ्रिंज एलिमेंट’ कहा।
संदीप देव पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद उनके समर्थकों में रोष व्याप्त है। उनके समर्थक कह रहे हैं कि टाइम्स नाउ को समाचार चलाने का अधिकार है लेकिन निजी टिप्पणी एक मीडिया समूह कैसे कर सकता है। संदीप देव ने इसके बाद टाइम्स नाउ मीडिया समूह को क़ानूनी नोटिस भेजने का मन बना लिया है।
इस सारे प्रकरण की शुरुआत पिछली 23 जनवरी के बाद हुई, जब संदीप देव ने संघ प्रमुख मोहन भागवत जी एवं संघ विचारधारा की पत्रिका पांचजन्य और आर्गेनाइजर एवं उनके संपादक हितेश शंकर एवं प्रफुल्ल केतकर के विरुद्ध दिल्ली के बिंदापुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। संघ प्रमुख मोहन भागवत जी ने महाभारत-पुराण में ‘समलैंगिकता’ को लेकर गलत बयान प्रकाशित व प्रसारित करवाया।
महाभारत-पुराण में दो सगे भाई हंस-डिम्भक को समलैंगिक बताने का प्रयास किया जबकि वास्तविकता कुछ और है। भागवत जी ने भगवान श्रीकृष्ण पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें अफवाह उड़ाने वाला बता दिया। इसके बाद संदीप देव ने भागवत से अनुरोध किया कि वे अपनी त्रुटि मानें लेकिन भागवत जी ने इस विषय में कोई संवाद ही नहीं किया। इसके बाद संदीप देव ने दिल्ली में शिकायत दर्ज करवाई।
टाइम्स नाउ मीडिया समूह द्वारा ‘फ्रिंज एलिमेंट’ कहे जाने पर राष्ट्रवादी पत्रकार संदीप देव ने कहा कि वे जल्दी ही मीडिया समूह को क़ानूनी नोटिस भेजने जा रहे हैं।