Movie Review: Quick Gun Murugun: Misadventures of an Indian Cowboy
विपुल रेगे। गाय कभी फिल्मों की विषय वस्तु नहीं बन पाती। भारत में गाय और उसकी पृष्ठभूमि को लेकर फिल्म बनाने के बारे में कभी सोचा ही नहीं गया। सन 1973 में अवश्य एक फिल्म गाय और गौरी प्रदर्शित हुई थी, जिसमे एक महिला का उसकी गाय से अत्याधिक प्रेम दिखाया गया था। दक्षिण भारतीय फिल्मों में गाय को लेकर अच्छे दृश्य रचे गए हैं । अतीत की धूल से एक फिल्म मिली है क्विक गन मुरुगन। आपको आश्चर्य होगा कि इस हास्य फिल्म में गौ मांस भक्षण का मुद्दा उठाया गया था। सन 2009 में प्रदर्शित हुई ये फिल्म कमाई के रिकार्ड तो नहीं बना सकी लेकिन समीक्षकों की प्रशंसा पाने में सफल रही।
क्विक गन मुरुगुन एक काउब्वॉय निशानेबाज़ है। गायों की रक्षा करना उसका एकमात्र धर्म है। राइस प्लेट रेड्डी रेस्टोरेंट चलाता है। वह शाकाहारी होटलों के मालिकों को मारकर उन पर कब्जा करता है और वहां ग्राहकों को बीफ खिलाता है। राइस प्लेट रेड्डी को शाकाहारियों से घृणा है। वह सभी शाकाहारी होटलों को मांसाहार के अड्डों में बदल देना चाहता है।
एक दिन रेड्डी का मुख्य गुंडा गनपावडर मुरुगन से टकरा जाता है। यहाँ से मुरुगन और राइस प्लेट रेड्डी की लड़ाई की शुरुआत होती है। इस हास्य फिल्म को ठेठ अस्सी के दशक की शैली में बनाया गया है। असंभव से एक्शन दृश्य और पृष्ठभूमि में दक्षिण भारत की संस्कृति।
मुरुगन को क्विक इसलिए बोला जाता है क्योंकि वह होल्स्टर से रिवाल्वर बड़ी तेज़ी से निकालता है। मुझे आश्चर्य हुआ कि दक्षिण की एक मसाला फिल्म का विषय गौ मांस का विरोध और गौ की रक्षा भी हो सकता है। फिल्म का निर्देशन शशांक घोष ने किया है। राजेंद्र प्रसाद ने फिल्म में मुरुगन की भूमिका निभाई है।
राजेंद्र प्रसाद बहुत वर्षों से तेलगु फिल्मों में चरित्र अभिनेता के रुप में कार्य कर रहे हैं। उनकी गिनती सितारा अभिनेताओं में की जाती है। इस समय जब सर्वत्र निराशा का वातावरण व्याप्त है तो ऐसे में क्विक गन मुरुगन देखकर कुछ हल्का हुआ जा सकता है। इसके असंभव से एक्शन सीक्वेंस का मज़ा लिया जा सकता है।
मुरुगन की स्वर्ग यात्रा और पुनः पृथ्वी पर अवतरण वाला सीक्वेंस बड़ा मजेदार है। ऐसा नहीं है कि गाय को विषय बनाकर विश्व सिनेमा ने फ़िल्में न बनाई हो। ऐसी कई फ़िल्में हैं, जिनका विषय गाय है। सन 2019 में ही एक ऐसी फिल्म आई, जिसमे दो लोगों का एक गाय के साथ रोचक आत्मीय संबंध दिखाया गया था। फर्स्ट काऊ शीर्षक की इस फिल्म ने अच्छी व्यावसायिक सफलता प्राप्त की। इस सप्ताहांत में क्विक गन मुरुगन देखकर आप कुछ तनाव कम कर सकते हैं। इसे आप डिज़्नी + हॉटस्टार से प्राप्त कर सकते है।