विपुल रेगे। नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई सुजॉय घोष की नई फिल्म ‘जाने जान’ एक क्राइम थ्रिलर है। ये एक प्रेम त्रिकोण है, जिसका हर कोण लहूलुहान है। इसकी कहानी दर्शक को जकड़ लेती है। इसका सस्पेंस आखिर तक कायम रहता है। ये एक ऐसी महिला की कहानी है, जिसका भयानक अतीत एक शाम उसके सामने आ खड़ा होता है। नेटफ्लिक्स पर इस फिल्म की प्रतीक्षा बहुत आतुरता से की जा रही थी और इसने भी दर्शकों को निराश नहीं किया है। जयदीप अहलावत के अविस्मरणीय अभिनय ने इस फिल्म को ‘वन मैन शो’ बना दिया है। जयदीप की गणितीय प्रेमकथा इस फिल्म का विशेष आकर्षण है।
ओटीटी मंच : Netflix
हिमालय की तराई में बसे कलिम्पोंग में माया डिसूजा अपनी बेटी के साथ रहती है। माया एक कैफे चलती है। माया का पडोसी नरेन स्कूल में गणित का शिक्षक है। नरेन माया से प्रेम करता है लेकिन बोल नहीं पाता। एक शाम माया के सामने उसका अतीत आ खड़ा होता है। माया का पति अजित उसे खोजता हुआ कलिम्पोंग आ जाता है। अजित अपनी बेटी को बार डांसर बनाना चाहता है। इस बीच मुंबई पुलिस का एक अधिकारी करण कलिम्पोंग आ जाता है। अजित पर कई गंभीर आरोप हैं और वह फरार चल रहा है।
अब कहानी में जबरदस्त मोड़ आता है। एक रात में माया और नरेन कभी न सुलझने वाली उलझन में फंस जाते हैं। निर्देशक सुजॉय घोष के फ़िल्मी कॅरियर में ‘कहानी’ एक ऐसी फिल्म है, जिसने उनको अब तक इस शो बिजनेस में बनाए रखा है। कहने का तात्पर्य, उनके खाते में सफल फिल्मों की संख्या कम है। ‘जाने जान’ अवश्य सुजॉय को कॅरियर में लाभ देगी। इस क्राइम थ्रिलर की सबसे विशेष बात कलाकारों का अभिनय है। निर्देशक ने सभी किरदारों को शानदार कैरेक्टराइजेशन के साथ पेश किया है।
सुजॉय के कैमरे की फ्रेम भागती-दौड़ती नहीं है, बल्कि विस्तार से दृश्यों को अर्थ देती महसूस होती है। फिल्म का सबसे प्रभावी किरदार नरेन का रहा है। नरेन के किरदार पर बहुत मेहनत की गई है। जीवन की समस्याओं को नरेन गणित के चश्मे से देखता है। जयदीप अहलावत ‘जाने जान’ के विजेता साबित हुए हैं। करीना कपूर, विजय वर्मा के सुंदर अभिनय भी जयदीप के सामने फीके पड़ जाते हैं। ये एक इंट्रेस्टिंग किरदार था, जो फिल्म में न होता तो मज़ा खराब हो सकता था। खून से भरे इस थ्रिलर में प्रेम प्रस्फुटित होता है।
फिल्म के तीन किरदारों के लिए यहाँ प्रेम की परिभाषा सर्वथा अलग है। इस बात को निर्देशक ने खूबसूरती के साथ दिखाया है। करीना कपूर खान अब चरित्र भूमिकाओं में दिखने लगी हैं। इस मोड़ पर लीड भूमिकाएं नहीं मिलती और अभिनय से ही काम चलाना पड़ता है। करीना की नई पारी चरित्र भूमिकाओं में शुरु हो सकती है। ये फिल्म वयस्क दर्शकों के लिए हैं। यदि आप अच्छे अभिनय वाली सस्पेंस थ्रिलर देखना पसंद करते हैं तो इस फिल्म को बेझिझक देख सकते हैं।