मूवी रिव्यू : लोकी
ओटीटी : डिज्नी + हॉटस्टार
विपुल रेगे। आकाशगंगाओं के लड़ाके एवेंजर्स की कहानी थानोस की मृत्यु के साथ समाप्त नहीं हुई है। अब ये कथा समय के महीन रेशों के बीच जा फंसी है। एवेंजर्स के ही एक लोकप्रिय चरित्र ‘लोकी’ को समय से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। समय के रक्षक लोकी को ऐसे स्थान पर ले गए हैं, जहाँ उसके ग्रह द्वारा प्रदत्त अद्भुत शक्तियां किसी काम की नहीं है। ओटीटी पर इस समय लोकी की बादशाहत चल रही है। साइंस फिक्शन पसंद करने वाले दर्शकों ने इसे हाथोहाथ लिया है। शुरुआत के दो एपिसोड्स ने बता दिया है कि इसके बाक़ी के चार भाग बहुत हंगामेदार होने जा रहे हैं।
जब एवेंजर्स एंड गेम के साथ थानोस का अध्याय समाप्त हुआ तो प्रशंसकों को बड़ी निराशा हुई थी। सबसे बड़ा धक्का अपने प्रिय नायक आइरन मैन की मृत्यु का था। दर्शकों का प्रिय टोनी स्टार्क थानोस से लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुआ था। वेब सीरीज लोकी की शुरुआत एंड गेम के ही एक दृश्य से होती है। सभी एवेंजर्स इन्फिनिटी स्टोन्स लाने के लिए समय यात्रा करते हैं।
यहाँ से लोकी एक कीमती पत्थर लेकर भाग निकलता है। लोकी को मंगोलिया के गोबी मरुस्थल मेंटाइम वेरिएंस अथॉरिटी के समय रक्षक गिरफ्तार कर लेते हैं। लोकी पर आरोप है कि उसने ब्रम्हांड की समय रेखा के नियमों का उल्लंघन किया है। टाइम वेरिएंस अथॉरिटी के मुख्यालय में लोकी की अदृश्य शक्तियां बेबस हो चुकी है। यहाँ से कहानी रोचक होने लगती है।
इस वेब सीरीज से एवेंजर्स ने संकेत दिए हैं कि आने वाले एपिसोड्स में और भी एवेंजर्स दिखाई दे सकते हैं। इन दिनों एक शब्द बहुत कुख्यात हो रहा है। कोरोना के तरह-तरह के वेरिएंट सामने आ रहे हैं। वेब सीरीज में दिखाया गया है कि लोकी का एक वेरिएंट किसी दूसरी समय रेखा में जा छुपा है और टीवीए के समय रक्षक उसे खोज रहे हैं। सीरीज के निर्देशक केट हेरॉन ने कहानी को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया है।
उन्होंने पहले और दूसरे एपिसोड में ऐसी जगह पर अंत किया है कि आप उसके अगले एपिसोड की उत्सुकता से प्रतीक्षा करने लगते हैं। मार्वल के स्तर के अनुसार ही भव्य और वास्तविक दिखने वाले वीएफएक्स डाले गए हैं। मार्वल के निर्माताओं ने अपनी वेब सीरीज को उतनी ही गंभीरता से लिया है, जितना कि वे अपनी फिल्मों को गंभीरता से लेते हैं।
लोकी की समय रक्षकों से मुठभेड़, लोकी के दूसरे वेरियंट का रहस्य अंत तक बनाए रखना, समय रक्षकों का नया कांसेप्ट लेकर आना इस वेब सीरीज के लिए सकारात्मक परिणाम ला रहा है। युवा दर्शक इसे चाव से देख रहे हैं। इसे परिवार के साथ देखा जा सकता है, क्योंकि इस फिल्म का दर्शक वर्ग 10 से 20 साल के आयु समूह का है।
हमेशा की तरह टॉम हिडल्सटन ने अपने किरदार को भव्यता प्रदान की है। इस बार दर्शक उसे नए स्वरूप में देख रहे हैं। इस बार उसके चरित्र में नायक झलक रहा है, जो कुछ अच्छा कर अपने पाप धोना चाहता है। ओटीटी के मंच पर ये वेब सीरीज डिज्नी + हॉटस्टार पर उपलब्ध है। बहुत समय बाद ओटीटी पर ऐसी फिल्म आई है, जो परिवार के साथ बैठकर देखी जा सकती है।
जो दर्शक एवेंजर्स से परिचित नहीं है, उन्हें इसे समझने में मुश्किल हो सकती है। लगातार एवेंजर्स की फ़िल्में देखने वाले इसमें प्रयुक्त होने वाले शब्दों को समझते हैं। वे इन्फिनिटी स्टोन्स से परिचित हैं। वे जानते हैं कि टेसारेक्ट नामक जगमगाते क्यूब में कौनसी शक्तियां समाई हुई हैं। निर्देशक केट हेरॉन ने अपनी फिल्म के दर्शक समूह पर ध्यान केंद्रित करते हुए काम किया है। वे ढेर सारा मनोरंजन और उत्तेजना देते हैं। वीकेंड में दर्शक को थकान मिटाने के लिए यही तो चाहिए।