विपुल रेगे। स्पेनिश सिनेमा को ‘मनी हाइस्ट’ की सफलता ने विश्वभर में लोकप्रिय बनाया है। इससे पहले स्पेनिश सिनेमा वैश्विक दर्शकों की पसंद नहीं हुआ करता था। सन 2017 में फिल्म निर्देशक एलेक्स पिना द्वारा बनाई गई ‘मनी हाइस्ट’ को दुनियाभर में सराहा गया। डकैती डालने ये चोर दिल के बुरे नहीं हैं। ये चोर अपनी चोरी को कलाकारी की तरह अंजाम देते हैं। ‘मनी हाइस्ट’ की विश्वव्यापी सफलता से प्रेरित होकर एलेक्स पिना ने इसका प्रीक्वल बनाने का निर्णय लिया। शुक्रवार को ये प्रीक्वल ‘बर्लिन’ नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई। दुनियाभर के फिल्म समीक्षकों ने इस टीवी सीरीज को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं दी है लेकिन दर्शकों ने इसे सराहा है।
‘बर्लिन’
क्रिएटर्स : एस्थर मार्टिनेज लोबाटो-एलेक्स पिना
कलाकार : पेड्रो अलोंसो, मिशेल जेनर, बेगोना वर्गास, जूलियो पेना, जोएल सांचेज़
संगीत : फ्रेंक मोंटसेल, लुकास पियरे
जॉनर – हाइस्ट
ओटीटी मंच : नेटफ्लिक्स
बर्लिन” ‘मनी हीस्ट’ का प्रीक्वल है, जो सीरीज शुरु होने से पहले की कहानी है। ‘मनी हाइस्ट’ के निर्माताओं ने अपनी दूसरी पेशकश में रोचकता के मोमेंटम को गिरने नहीं दिया है बल्कि इसे रोमांचक ढंग से और गति प्रदान कर दी है। ‘बर्लिन’ चोरी करने वाले गिरोह का सरगना है। बर्लिन इस टीवी सीरीज का सबसे लोकप्रिय किरदार है। आठ एपिसोड की ये टीवी सीरीज मनोरजंक है। मनोरंजक होने के साथ-साथ ये दर्शक पर अपनी ऐसी पकड़ बनाए रखती है कि आखिरी एपिसोड समाप्त होने तक दर्शक कुर्सी नहीं छोड़ सकता। ‘बर्लिन’ में शानदार चोरियां दिखाई गई है, साथ ही चोरी करने वाले चोरों का दिल भी खूबसूरती से चोरी होते दिखाया गया है। ये वे चोर हैं, जो जेवरों चुराते हैं और उनका दिल कोई और चुरा ले जाता है।
कहानी
बर्लिन फ्रांस में एक बहुत बड़ी चोरी करना चाहता है। वह फ्रांस के सबसे बड़े नीलामीघर से ज्वेलरी चुराना चाहता है। ये चोरी इतनी आसान नहीं है। चोरी करने के लिए वह कुछ नौसिखिये चोरों को इकट्ठा करता है। बर्लिन इन चोरों को प्रशिक्षित करता है। 44 मिलियन यूरो की इस चोरी के लिए एक ऐसी योजना बनाई जाती है, जिसकी तह तक पुलिस और जाँच एजेंसियां न पहुँच सके। बर्लिन अपने साथियों के साथ पेरिस जाता है और जाल बिछाना शुरु करता है। कहानी में एक ट्विस्ट आता है। बर्लिन नीलामीघर के मालिक के घर की जासूसी कर रहा है, ताकि वहां की तिजोरी में माल आने पर अपनी चाल को अंजाम दे सके। जासूसी करते-करते बर्लिन को नीलामीघर के मालिक की पत्नी से प्रेम हो जाता है। ये इश्क दोनों ओर से बराबरी से हो रहा है। नीलामीघर के मालिक पोलिगनेक की पत्नी केलिया भी बर्लिन से प्यार करने लगती है। कहानी दो ट्रेक्स पर चलती है। एक ट्रेक में चोरी की योजना चल रही है और दूसरे ट्रेक में इश्क-मोहब्बत परवान चढ़ रहा है।
एस्थर मार्टिनेज लोबाटो-एलेक्स पिना की ये पेशकश बेहद मनोरजंक है। इसके आठ एपिसोड कसे हुए हैं। रोमांस के ट्रेक हो या चोरी के सीक्वेंस, निर्देशक की पकड़ कहीं ढीली नहीं पड़ती। ये रोमांटिक डकैती अपने मूल विषय से ज़रा भी नहीं भटकती। कलाकारों का स्वाभाविक अभिनय दर्शक को इस कहानी में डूब जाने के लिए मजबूर करता है। ये ऐसे चोर हैं, जो इश्क में हारे हुए हैं लेकिन चोरी में हार नहीं सकते। पेरिस की मादक पृष्ठभूमि में ये कहानी और खिल जाती है। पेरिस के बैकड्रॉप में सिनेमेटोग्राफी आँखों में बस जाती है। पेड्रो अलोंसो और मिशेल जेनर की प्रेम कथा सहज और स्वाभाविक लगती है।
पेड्रो का अपना चार्म है, जिसे दर्शक बहुत पसंद करते हैं। दर्शक पेड्रो के ज़िंदगी जीने के अंदाज़ से बहुत प्रभावित हैं। पेड्रो आज में जीता है। प्रेम उसके लिए उतना ही महत्वपूर्ण है, जितने तिजोरी में रखे गहने हैं। अन्य कलाकारों ने भी बहुत सहज अभिनय दिखाया है। नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई ये सीरीज पैसा वसूल है। इस जॉनर की फ़िल्में पसंद करने वाले दर्शकों को ‘बर्लिन’ काफी पसंद आएगी। इसमें रोमांस है और वयस्क दृश्य भी दिखाए गए हैं। वयस्क दृश्यों को कलात्मक अंदाज़ में दिखाया गया है। वे भौंडे प्रतीत नहीं होते।
इस फिल्म में एक चुंबन दृश्य भी परिस्थितियों से पैदा हुआ लगता है। हिन्दी फिल्म उद्योग को सीखना चाहिए कि प्रणय दृश्यों को कैसे फिल्माना चाहिए। चोरी को अंजाम देना, चोरी के माल को ठिकाना लगाना और अपने देश वापस आने की परिस्थितियों को बहुत रोमांचक तरीके से पेश किया गया है। ये बहुत बेहतर रहा कि फिल्म निर्देशक ने पात्रों के प्रेम को देह तक सीमित नहीं रखा है। वह प्रेम देह से उठकर आत्मा तक जाता है। ये एक भावुक डकैती है। ये दिलवाले चोर हैं। ये भी एक आश्चर्य है कि इस थ्रिलर में संगीत एक मजबूत पक्ष बनकर उभरता है। फ्रेंक मोंटसेल और लुकास पियरे का संगीत इस टीवी सीरीज के ‘रोमांटिसिज़्म’ को बढ़ाता प्रतीत होता है।
निष्कर्ष
कुल मिलाकर ‘बर्लिन’ शत-प्रतिशत मनोरंजन देने में सफल रहती है। इसमें रोमांच है। इसमें रोमांस है। इसमें रोमानियत है। ये एक मुकम्मल टीवी सीरीज है। नेटफ्लिक्स पर इसे अच्छे दर्शक मिलने की उम्मीद है। भारतीय दर्शकों को भी इसका प्रस्तुतिकरण पसंद आएगा। कुछेक वयस्क दृश्यों के कारण इसे बच्चों को नहीं देखना चाहिए। फिल्म को मिल रही प्रतिक्रियाओं को देखते हुए अनुमान है कि ये टीवी सीरीज जल्द ही नेटफ्लिक्स के टॉप टेन में शामिल हो जाएगी।