विपुल रेगे। मायावाद को लेकर सबसे अधिक शोध और ज्ञान पश्चिम से अधिक पूरब के पास रहा है। गुरु वशिष्ठ और शंकराचार्य से लेकर निरालम्ब उपनिषद तक में मायावाद को लेकर विस्तृत व्याख्याएं की गई है। एक नई वेब सीरीज आई है। Jantje Friese और Baran bo Odar की ‘1899’ मायावाद पर बनाई गई एक सुंदर और अर्थपूर्ण फिल्म है। हालांकि मेट्रिक्स और अवतार के निर्माताओं की तरह ‘1899’ के निर्माता ये बात स्वीकार नहीं करते कि मायावाद को लेकर पश्चिम की फिलॉसफी पूरब के दर्शन से ही आलोकित हुई है।
ओटीटी मंच : Netflix
यूरोपियन आप्रवासियों से भरा एक ज़हाज़ यूके से अमेरिका की ओर यात्रा कर रहा है। ‘कर्बर्स’ नामक इस ज़हाज़ में हर वर्ग के यात्री मौजूद हैं। बीच यात्रा में ज़हाज़ पर संदेश आता है कि एक अन्य लापता ज़हाज़ ‘प्रोमेथ्युस’ की लोकेशन मिल गई है। शिप का कप्तान यात्रा बीच में रोककर ‘प्रोमेथ्युस’ की स्थिति पता लगाना चाहता है ताकि उस पर यात्रा कर रहे जीवित यात्रियों को निकाल लिया जाए।
जैसे ही ‘कर्बर्स’ लापता ज़हाज़ के पास पहुँचने लगता है, डेक पर विचित्र घटनाएं घटने लगती है। ज़हाज़ के एक कैबिन में एक छोटा बच्चा यात्रा कर रहा है। इस बच्चे के पास एक पिरामिड है। ज़हाज़ पर कुछ संदेहास्पद लोग भी यात्रा कर रहे हैं, जिनके पास विचित्र गैजेट हैं। एक दिन ‘प्रोमेथ्युस’ से एक रहस्यमयी साउंड गूंजने लगता है। उसे सुनकर ‘कर्बर्स’ के यात्री समुद्र में कूदकर मरने लगते हैं।
एपिसोड दर एपिसोड रहस्य गहराता चला जाता है। आखिर में जब धुंध छंटती है तो सभी का सामना एक विचित्र और आश्चर्यजनक सत्य के साथ होता है। Jantje Friese और Baran bo Odar की फिल्म मायावाद को सुंदर ढंग से दर्शक के सामने रखती है। कभी-कभी ज़हाज़ पर यात्रा कर रहे कुछ पात्रों को महसूस होता है कि वे किसी मायाजाल में फंस गए हैं। ऐसा ही फिल्म ‘मेट्रिक्स’ में भी दिखाया गया था।
‘मेट्रिक्स’ की भांति ही इस सारे खेल का एक डिजाइनर है। इसे स्पॉइलर न समझ लीजियेगा क्योंकि डिजाइनर पर भी इस कथा का अंत नहीं है। सिमुलेशन नामक तकनीकी विधा को मायावाद से जोड़ना एक रोचक प्रयोग है। फिल्म में रहस्य है, मौत का भय है, मायावाद की फिलॉसफी है और कलाकारों का स्वाभाविक सुंदर अभिनय है। ये सब मिलकर इस वेबसीरीज को दर्शनीय बनाते हैं।
निर्देशक जोड़ी ने अंत तक रहस्य को बनाए रखा है, ये फिल्म की यूएसपी है। दर्शक हमेशा समझता है कि उसने रहस्य खोज लिया है, तभी वह खुद को कथा के एक नए आयाम में पाता है। अंत तक दर्शक रहस्य की गलियों में विचरण करता है इसलिए किसी मूवी क्रिटिक द्वारा स्पॉइलर संभव ही नहीं है। फिल्म में रहस्यवाद के साथ-साथ अठारहवीं सदी के यूरोप की संस्कृति भी झलकती है।
यौन विकृतियां उनके जीवन में प्रवेश कर गई थी, ये दिखाया गया है। इस वेब सीरीज के आठ एपिसोड है। इन एपिसोड्स में आपको योग वशिष्ठ का एक वचन गूंजता सा महसूस होगा। वशिष्ठ ने मन की शक्ति के बारे में कहा था ‘मन ही संसार का निर्माता है। हमारा मस्तिष्क हमें हमारी दुनिया बनाने की शक्ति देता है। फिल्म में एक संवाद कहा गया है ‘ the brain is wider than sky and the brain is deeper than the sea. इस वेबसीरीज को वयस्क दर्शकों को ही देखना चाहिए।